नगड़ी के चौली पतरा में बड़ा हादसा:चलते ऑटो पर गिरा हाईमास्ट लाइट का टावर, मां-बेटी की मौत, 5 घायल

नगड़ी के चौली पतरा में एनएचएआई के टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। इटकी से रांची जा रहे ऑटो पर टोल प्लाजा का हाईमास्ट लाइट का टावर गिर गया। इस हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित पांच लोग घायल हैं। सभी को रिम्स में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान इटकी के कुली निवासी दशमी उरांव और बंदी उरांव के रूप में हुई है। वहीं चेपा लकड़ा, बसंती उरांव, मंगरा उरांव, भारती कुमारी और ऑटो ड्राइवर किशन कुमार घायल हैं। हादसे के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारी वहां से भाग निकले। एनएचएआई के क्षेत्रीय पदाधिकारी एनएल योत्कर ने प्रोजेक्ट निदेशक को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट मांगी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने टोल प्लाजा में जमकर तोड़-फोड़ की। रांची-इटकी रोड को जाम कर दिया। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और अजय नाथ शाहदेव घटनास्थल पर पहुंचे। एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। वार्ता में मृतकों के आश्रितों को 15 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपए देने पर सहमति बनी। स्थानीय लोगों का आरोप : हमने विरोध किया था हाईमास्ट टावर का नट-बोल्ट ठीक से कसा नहीं, तेज हवा में हिलता था स्थानीय लोगों ने कहा कि टोल प्लाजा ऑपरेशन का ठेका मेसर्स राजेंद्र सिंह के पास है। एजेंसी ने हाईमास्ट टावर लगाते समय ही लापरवाही बरती गई। इसे नट-बोल्ट से ठीक से कसा ही नहीं। टावर काफी ऊंचा था, लेकिन बेस काफी कमजोर बनाया गया था। टावर लगाते समय भी हमने विरोध किया। तब टोल प्लाजा संचालकों ने कहा था कि बेस काफी मजबूत है। लेकिन टावर तेज हवा से हिलता था। फिर भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया। हादसे के समय टावर में मात्र दो नट-बोल्ट लगे थे। मां-बहन को खोने वाली चेंपा ने बताई आपबीती ऑटो पर कुछ गिरा, सामने अंधेरा छा गया, होश आया तो हॉस्पिटल में थी इस हादसे में मां-बहन को खोने वाली चेंपा लकड़ा ने घटना का आंखों देखा हाल सुनाया। उन्होंने कहा-मैं अपनी मां-बहन के साथ नया सराय स्थित घर जा रही थी। पलमा में ऑटो में बैठी थी। ऑटो में कुल छह यात्री थे। टोल प्लाजा के पास अचानक ऑटो के ऊपर तेजी से कुछ गिरा। आंखों के सामने अंधेरा छा गया। होश आया तो मैं हॉस्पिटल में थी। खबर सुनकर भाई भी हॉस्पिटल पहुंच गया। करीब दो घंटे बाद मुझे बताया गया कि मां-बहन की इस घटना में मौत हो चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *