नगर निकायों में ‘शहरी समस्या समाधान शिविर’ शुरू:राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर नागरिकों को मिलेगी राहत

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर बूंदी जिले के शहरी निवासियों को राहत देने के लिए ‘शहरी समस्या समाधान शिविर-2025’ शुरू हो गए हैं। ये शिविर नगर परिषद बूंदी सहित जिले की सभी नगरपालिकाओं में आयोजित किए जा रहे हैं। इनका आयोजन 16 दिसंबर से 24 दिसंबर तक (21 दिसंबर, रविवार को छोड़कर) किया जाएगा। इन शिविरों में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। इनमें पट्टों के वितरण से लेकर आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं। बूंदी में कुम्भा स्टेडियम, छत्रपुरा स्थित नगर परिषद भवन में यह शिविर प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित हो रहा है। नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र मीणा ने बताया कि इस अभियान के तहत 18 अक्टूबर से 16 दिसंबर के बीच प्राप्त हुए आवेदनों के साथ-साथ नए आवेदनों का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ‘शहरी सेवा शिविर-2025’ के तहत सरकार द्वारा दी गई सभी छूट और शिथिलताएं इन शिविरों में भी लागू रहेंगी, जिससे आमजन को कम दस्तावेजी प्रक्रिया में अधिक लाभ मिल सकेगा। शिविर स्थल पर एक ही छत के नीचे कई सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। इनमें पट्टे (स्टेट ग्रांट, 69ए, कृषि भूमि), भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, नाम हस्तांतरण, भवन मानचित्र जारी करना, सीवरेज, नालियों, सड़क मरम्मत/पैचवर्क से संबंधित कार्य, और नई स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी शिकायतें शामिल हैं। इन पर हो रहा है काम प्रत्येक निकाय स्तर पर सद्भावना केन्द्र में पीएम आवास योजना, पार्क, सामुदायिक केन्द्र, रैन बसेरा आदि सार्वजनिक स्थलों के रख-रखाव का कार्य, विभिन्‍न राजकीय जनहित योजनाओं के तहत आवेदन प्राप्त कर, स्वीकृति जारी करने, पीएम स्वनिधी योजना, सीएम स्वनिधि योजना, स्वनिधि से समृद्धि योजना, जन्म, मृत्यु, विवाह पंजीयन, सामाजिक पेंशन योजना, फायर एन.ओ.सी. ट्रेड लाईसेंस, यूडी टैक्स, डेयरी बूथ एनएफएसए आदि संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्‍त शहर के प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों, सार्वजनिक भवनों की मरम्मत आदि का रख-रखाव एवं सौन्दर्यीकरण, साथ ही शहर की सम्पूर्ण साफ-सफाई एवं आवारा पशुओं से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्‍तारण किया जा रहा हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *