नगर निगम की बजट सभा 14 के बाद कांग्रेस भी नियुक्त करेगी नेता प्रतिपक्ष

राजनांदगांव| नगर निगम की बजट सभा 14 अप्रैल के बाद होगी। पूर्व में नवरात्रि के ठीक बाद बजट सभा रखने की तैयारी थी। लेकिन भाजपा संगठन के आयोजनों को देखते हुए इसमें तब्दीली कर दी गई। अब बजट के लिए 14 अप्रैल के बाद की तारीख निर्धारित की जाएगी। बजट सभा को लेकर एमआईसी में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। महापौर मधुसूदन यादव अपने कार्यकाल का पहला बजट पेश करेंगे। इसके लिए रायशुमारी भी पूरी की जा चुकी है। निगम सूत्रों ने बताया कि बजट में मूलभूत कार्यों को जनता की समस्या को प्राथमिकता से रखे जाने की तैयारी है। इसके अलावा सफाई और सड़कों में विचरण करने वाले मवेशियों को लेकर भी प्रावधान किया जाएगा। बजट में शासन की योजनाओं को भी शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। इधर बजट के ठीक पहले कांग्रेस अपना नेता प्रतिपक्ष भी नियुक्त करेगी। नेताप्रतिपक्ष के लिए पूर्व एमआईसी मेंबर और युवा पार्षद राजा तिवारी का नाम लगभग तय माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *