नगर पंचायत दाढ़ी में स्टेट बैंक की शाखा खोलने की मांग उठी

भास्कर न्यूज | दाढ़ी बेमेतरा जिले की नगर पंचायत दाढ़ी में राष्ट्रीयकृत बैंक भारतीय स्टेट बैंक की ब्रांच खोलने की मांग व्यापारियों ने की है। दाढ़ी नपं में केवल ग्रामीण बैंक की ब्रांच है, जिससे व्यापारियों के अलावा करीब 30 से 35 ग्राम पंचायत के लोगों का लेनदेन होता है। राष्ट्रीयकृत बैंक नहीं होने के कारण आवश्यक कार्य के लिए 25 किलोमीटर दूर बेमेतरा जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। भारतीय स्टेट बैंक की ब्रांच दाढ़ी में खुल जाने से व्यापारियों को लेनदेन के साथ ही शासकीय योजना के क्रियान्वयन में भी कार्य करने वाले ठेकेदार व बड़े व्यापारियों को सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों को चालान जमा करने, उपतहसील संबंधित कार्य जैसे किसानों को भूमि सीमांकन के लिए भारतीय स्टेट बैंक में चालान जमा करने बेमेतरा का चक्कर काटना पड़ता है। किसानों को भी सुविधा मिलेगी। नगर के होटल व्यवसायी बसंत गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीयकृत बैंक की ब्रांच खुल जाने से व्यापार व्यवसाय भी प्रगति पर होगा। जरूरतमंद लोगों को बैंक से संबंधित कार्य के लिए बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर भटकना नहीं पड़ेगा। राइस मिल संचालक सुनील अग्रवाल ने बताया कि आए दिन स्टेट बैंक के कामकाज के लिए बेमेतरा आना-जाना पड़ता है। स्टेट बैंक का ब्रांच खुलने से व्यापारियों को राहत मिलेगी। किराना व्यवसायी सालिक अग्रवाल ने कहा कि स्टेट बैंक का ब्रांच आवश्यक रूप से खोला जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *