भास्कर न्यूज | नरियरा नगर पंचायत नरियरा में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत सामने आई है। वार्ड क्रमांक 1 में शासकीय अस्पताल और स्कूल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर सीसी रोड निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। न तो सड़क का निर्माण पूरा हुआ है और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है, जिससे नगरवासियों, मरीजों, छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क के बीचों-बीच मिट्टी, पत्थर, मलबा और झाड़ियां फैली हुई हैं। कार, ऑटो और साइकिल सहित सभी प्रकार के वाहन निकलने में मुश्किल हो रही है। दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर से जोखिम उठाकर मार्ग पार कर रहे हैं, जबकि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। अस्पताल की डॉक्टर श्रेया दीक्षित ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण उन्हें भी एक दिन वापस लौटना पड़ा। मरीज एम्बुलेंस की बजाय पैदल या जुगाड़ के साधनों से अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे भी मलबे और बाधाओं के बीच से निकलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य केवल दिखावा करने के लिए शुरू किया गया और अधूरा छोड़ दिया गया। वार्डवासियों ने नगर पंचायत और संबंधित विभाग से तत्काल मलबा हटाने, सीसी रोड निर्माण पूरा करने, वैकल्पिक मार्ग बनाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।


