डूंगरपुर नगर परिषद की वाटर वैन से सप्लाई किए गए पानी में काई मिलने का मामला सामने आया है। शनिवार को शास्त्री कॉलोनी मेन रोड पर वाटर वैन से बोतलों में पानी भरते समय उसमें काई के गुच्छे भी आए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया है कि वाटर वैन के टैंक की नियमित सफाई नहीं की जाती है। उनका कहना है कि इस तरह के दूषित पानी की सप्लाई से बीमारियां फैलने का खतरा है।
नगर परिषद शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर आरओ का शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए वाटर वैन संचालित करती है। शहर के दो आरओ प्लांट से पानी वैन के कंटेनर में भरा जाता है, जिसके बाद इसे मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में वितरित किया जाता है। शास्त्री कॉलोनी में पानी में काई देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत आपत्ति जताई। शहर के व्यापारी लोकेश कलाल ने बताया कि पानी के साथ काई के कई गुच्छे आए हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। लोगों ने पानी सप्लाई करने वाले वैन संचालक से शिकायत दर्ज कराई है और नगर परिषद से स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


