लुधियाना| पब्लिक एक्शन कमेटी की ओर से नगर परिषद सरहिंद (जिला फतेहगढ़ साहिब) के खिलाफ एनजीटी में याचिका दायर की गई है। आरोप है कि कचरा डंप और जलाने से प्राकृतिक नाली (हंसला नदी) को नुकसान पहुंच रहा है। पब्लिक एक्शन कमेटी से जुड़े कुलदीप खैरा ने बताया कि कचरा और मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) भवन के प्राथमिक डंप के खिलाफ एनजीटी में याचिका दायर की गई है। आरोप लगाया कि फतेहगढ़ साहिब के प्रशासनिक अफसरों के साथ मिलीभगत कर कूड़े को दैनिक आधार पर जलाया जा रहा है। कूड़े के माध्यम से रिसाव के कारण प्राकृतिक नालों के साथ-साथ भूजल स्तर में भी जल प्रदूषण हो रहा है। आरोप लगाया कि पीपीसीबी भी पिछले 5 वर्षों से चुप रही और यहां तक कि विवादित स्थान पर भवन निर्माण की अनुमति भी दे दी गई।


