नटवा हांसदा अध्यक्ष, भरत बड़ाइक बनाए जा सकते हैं उपाध्यक्ष:जैक को आज मिलेगा नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, सीएम के पास पहुंची फाइल

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) को बुधवार को नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिल जाएगा। इससे संबंधित फाइल मंगलवार रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास पहुंच गई है। वे बुधवार को इस पर फैसला ले सकते हैं। लेकिन, सूत्रों के मुताबिक इन पदों के लिए भेजी गई सूची में अध्यक्ष पद के लिए नटवा हांसदा और उपाध्यक्ष के लिए भरत बड़ाइक का नाम सबसे ऊपर है। भरत बड़ाइक अभी जैक के सदस्य हैं। जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का कार्यकाल 18 जनवरी को खत्म हो गया था। तब से ये दोनों पद खाली हैं। दरअसल, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद खाली रहने से कई परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं। कुछ नियुक्ति परीक्षाओं का रिजल्ट भी अटका हुआ था। आठवीं-नौवीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई थीं। 11 फरवरी से होने वाली मैट्रिक-इंटर की परीक्षा पर भी असमंजस की स्थिति बन गई थी। इससे राज्य सरकार पर इन दोनों पदों पर नियुक्ति को लेकर काफी दबाव था। मंगलवार को इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के बीच बातचीत हुई। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया ने गति पकड़ ली। आनन-फानन में नियुक्ति की फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई। शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने बताया कि फाइल अभी लौटी नहीं है। लेकिन बुधवार को अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। इन पदों पर भर्ती के बाद अब मैट्रिक-इंटर परीक्षा की तैयारियां भी युद्धस्तर पर शुरू हो जाएगी। यही नहीं, आठवीं और नौवीं की परीक्षा की नई तिथि की भी घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। मैट्रिक का 25, इंटर का 28 जनवरी से बंटना था एडमिट कार्ड जैक ने मैट्रिक का एडमिट कार्ड 25 जनवरी से और इंटरमीडिएट का एडमिट कार्ड 28 जनवरी से जारी करने की घोषणा की थी। लेकिन जैक की वेबसाइट पर इसे अपलोड ही नहीं किया गया। न ही इस संबंध में कोई घोषणा की गई। इससे मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा पर संशय के बादल मंडराने लगे थे। स्टूडेंट्स असमंजस में थे कि परीक्षा तय समय पर शुरू होगी या नहीं। लेकिन, अब अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद एडमिट कार्ड जारी होगा। स्कूल के प्रिंसिपल एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परीक्षाओं को देंगे। इन दोनों परीक्षाओं में कुल 7,83,711 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए राज्यभर में करीब 2100 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अब जल्दी ही इन केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाने सहित परीक्षा से जुड़े अन्य कामों में तेजी आएगी। जैक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए हाईकोट में दायर की गई थी याचिका जैक अध्यक्ष की नियुक्ति का मामला हाईकोर्ट भी पहुंच गया था। वित्तरहित संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ओर से इस संबंध में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। इसमें कहा गया था कि 18 जनवरी से जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद खाली है। जबकि परीक्षाओं से संबंधित सभी तरह के गोपनीय कार्य अध्यक्ष द्वारा ही किया जाता है। ऐसी स्थिति में मैट्रिक-इंटर की 11 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं पर ग्रहण लग सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *