कोटा के कुन्हाड़ी स्थित विजयवीर स्टेडियम में रविवार को नदीपार क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 57 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आमजन के जीवन को सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बनाना होना चाहिए। बिरला ने कहा कि नदीपार क्षेत्र की नई और पुरानी कॉलोनियों में पेयजल, सड़क, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता से किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की कमी रही है, वहां योजनाबद्ध तरीके से कार्य पूरे किए जाएंगे, ताकि हर नागरिक को समान सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान विजयवीर स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार की भी शुरुआत की गई। स्टेडियम में फुटबॉल मैदान का समतलीकरण, नई घास बिछाने, खिलाड़ियों के लिए आवासीय कक्ष, बैडमिंटन कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, नए वॉलीबॉल कोर्ट, जिम का उन्नयन, जॉगिंग ट्रैक, टेबल टेनिस सुविधा और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। बिरला ने कहा कि कोटा को एक डेडिकेटेड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही रामनगर स्टोन मंडी क्षेत्र में 32 करोड़ रुपये की लागत से आंतरिक एवं बाह्य सड़कों के निर्माण की शुरुआत की गई, जिससे व्यापार और आवागमन को मजबूती मिलेगी। नदीपार क्षेत्र के विभिन्न पार्कों के विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और विकास कार्यों का स्वागत किया।


