श्योपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सरोदा गांव में गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे 15 वर्षीय प्रिंस माली (पुत्र रामसिंह माली) सीप नदी में डूब गया। बताया गया है कि प्रिंस अपने परिवार की सात भैंसों को पानी पिलाने के लिए नदी गया था। भैंसों को पानी पिलाते समय वह अचानक गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। डूबते समय किशोर ने जोर-जोर से शोर मचाया, लेकिन अचानक हुई इस घटना से आसपास हड़कंप मच गया और जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, वह पानी में समा चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मानपुर थाना प्रभारी पप्पू सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से नदी में खोजबीन शुरू कराई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों को नदी में ही घटना स्थल से कुछ दूरी पर किशोर का शव मिल गया। पुलिस ने शव को बरामद कर श्योपुर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां देर शाम पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद परिवार व गांव में गहरा गम का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


