सागर में गुरुवार को दशहरा पर्व त्योहार के चलते हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दशहरा पर्व के मौके पर पीटीसी ग्राउंड में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में राधे-राधे संकीर्तन के साथ शुरू होगा। रावण दहन कुछ ही देर में किया जाएगा। आयोजन को लेकर पीटीसी ग्राउंड में 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। रावण दहन से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम राधे-राधे संकीर्तन की प्रस्तुति होंगी। साथ ही रंगबिरंगी आतिशबाजी की जाएगी। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के साथ सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार मौजूद रहे। इस दौरान महापौर संगीता तिवारी कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने नगर निगम द्वारा बनवाए गए कार्यक्रम के आमंत्रण पत्रों पर आपत्ति जताई है। उनका नाम भाजपा जिलाध्यक्ष, नगर निगम अध्यक्ष के बाद कार्ड में लिखा गया है।
आयोजन को लेकर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, चूना आदि की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, मंच व्यवस्था, आतिशबाजी, फूलमाला, पेजयल व्यवस्था, फायर लारी व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था की गई है।
रावण दहन कार्यक्रम में लगाई अधिकारियों की ड्यूटी
कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर शहर में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें कजलीवन मैदान झांसी बस स्टैंड सागर की निगरानी के लिए नायब तहसीलदार संगीता सिंह को तैनात किया गया है। वे आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।


