‘नन्ही फौज’ने शहीदी मार्च निकाल कर दिया गुरबाणी से जुड़ने का संदेश

भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरुनगरी में श्री गुरु गोबिंद सिंह के चार साहिबजादों एवं माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित शहीदी मार्च निकाला गया। यह शहीदी मार्च शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल के प्रमुख सेवादार संत बाबा बलबीर सिंह के सहयोग से भंडारी पुल से निकाला, जिसमें करीब 1000 स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। शहीदी मार्च की शुरुआत अरदासिया गुरसेवक सिंह और श्री अकालतख्त साहिब के एडिशनल हैड ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह ने की। पांच प्यारों की अगुवाई में शहीदी मार्च भंडारी ब्रिज से शुरू होकर हॉल गेट, हॉल बाजार, टाउन हॉल, हेरिटेज रोड से होते हुए गुरुद्वारा बुर्ज अकाली फूला सिंह जी पहुंचा। शहीदी मार्च में गतका पार्टियों ने गतके का शानदार प्रदर्शन किया। शहीदी मार्च का अलग-अलग धार्मिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वागत किया, जहां साहिबजादों की शहादत को श्रद्धांजलि दी गई। संस्था के सचिव डॉ. हरमीत सिंह सलूजा ने बताया कि हर साल उनकी संस्था की तरफ से शिरोमणि कमेटी, मैनेजर श्री दरबार साहिब और शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल के साथ मिलकर शहीदी मार्च निकाला जाता है ताकि नई पीढ़ी को साहिबजादों की कुर्बानी के बारे में पता चल सके और युवा पीढ़ी नशा तथा अन्य बुराइयों का त्याग कर गुरबाणी तथा गुरु साहिब से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हर धर्म के नुमाइंदों ने इस शहीदी मार्च का स्वागत किया, वह भाईचारे की अद्भुत मिसाल है। श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह ने भी संगत को संबोधित किया तथा गुरु घर का आशीर्वाद हासिल किया। इस मौके पर श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह, एसजीपीसी के यात्री निवास के मैनेजर गुरप्रीत सिंह, मैनेजर अजय सिंह, सतनाम सिंह सलूजा, बीबी परमजीत कौर पिंकी, सचखंड श्री हरमंदर साहिब के सूचना केंद्र के सूचना अधिकारी रणधीर सिंह, जत्थेदार सुखवंत सिंह बिट्टू, उस्ताद हरि सिंह, उस्ताद कमलप्रीत सिंह, रूपिंदर सिंह किंग, एडवोकेट अमितपाल सिंह खालसा, बीबी हरप्रीत कौर मौजूद थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *