भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिला सूचना भवन स्थित सभागार में गुरुवार को आयोजित मासिक मीडिया संवाद में उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने जिले में चल रहे विकासात्मक कार्यों, जनसुविधाओं और प्रशासन की प्राथमिकताओं पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में समाहरणालय शिफ्टिंग, पेयजल संकट, ठंड से बचाव, बालू चोरी नियंत्रण, किसानों की आय वृद्धि तथा अन्य कई योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बातें सामने आईं। डीसी ने बताया कि नया समाहरणालय भवन अब पूरी तरह तैयार है, जिसका उद्घाटन राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन कर दिया था। जल्द ही सभी सरकारी कार्यालय वर्तमान समाहरणालय से नए भवन में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे। इससे आम लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं समेकित रूप से उपलब्ध होंगी और कामकाज में सुगमता आएगी। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों विशेषकर पेशरार व किस्को में पीवीटीजी व अन्य आदिम जनजाति समुदायों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीसी ने बताया कि इसके लिए सीएसआर, डीएमएफटी तथा अन्य कोषों से योजनाएं चिह्नित कर कार्य शुरू कर दिया गया है। कई जगह कार्य पूरा भी हो चुका हैं। पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल को निर्देश दिया गया है कि तकनीकी कारणों से बंद पड़ी पुरानी योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव भेजें, ताकि जल्द से जल्द सभी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।कड़ाके की ठंड को देखते हुए कंबल वितरण की तैयारी भी तेज हो गई है। डीसी ने कहा कि कंबल खरीद की निविदा प्रक्रिया जारी है और निविदा पूरी होते ही जिला को पर्याप्त कंबल मिल जाएंगे। इसके बाद जरूरतमंदों के बीच वितरण शुरू होगा। इस बीच नगर परिषद एवं बीडीओ को सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में लगातार सामने आ रही बालू चोरी की शिकायतों पर भी उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाने की बात कही। बालू घाटों और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी और निगरानी बढ़ाई गई है, जिससे अवैध उठाव और परिवहन में कमी आई है। उन्होंने कहा कि खनन संबंधी कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की आय बढ़ाने और पलायन रोकने को लेकर भी उपायुक्त ने विस्तार से बात करते हुए कहा कि प्रशासन किसानों को खरीफ के साथ-साथ रबी व जायद सीजन की खेती के लिए प्रेरित कर रहा है। रबी फसल के लिए गेहूं, चना, सरसों, मक्का आदि के बीज अनुदानित दरों पर लैम्प्स-पैक्स के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जब किसान साल भर खेती करेंगे, उनकी आय स्थायी रूप से बढ़ेगी और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आएगी। इसी क्रम में माध्यमिक और इंटर परीक्षार्थियों के लिए जिले में निःशुल्क विशेषज्ञ कक्षाएं प्रतिदिन चलाई जा रही हैं। लोहरदगा बाईपास सड़क का कार्य भी शुरू हो चुका है और एजेंसी को समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम के अंत में जिला के वरिष्ठ पत्रकार जाहिद अहमद के निधन पर डीसी, पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्त्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार समेत जिले के अन्य पदाधिकारी और कई मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


