नया फूड हब मिलेगा, हल्दीबाड़ी की चौपाटी जल्द शुरू की जाएगी

भास्कर न्यूज | चिरमिरी शहरवासियों के लिए राहत और सुविधा की बड़ी खबर सामने आई है। बीते तीन वर्षों से हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन के समीप बंद पड़ी चौपाटी को फिर चालू कराने की दिशा में नगर निगम ने ठोस पहल शुरू कर दी है। जल्द ही इस स्थान पर चौपाटी का संचालन शुरू किया जाएगा। चौपाटी के दोबारा शुरू होने से न केवल मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि शहर को एक नया, सुव्यवस्थित और आकर्षक फूड हब भी मिलेगा, जहां नागरिक अपने परिवार और मित्रों के साथ समय बिताते हुए स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान लगभग 33 लाख की लागत से इस चौपाटी के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया था। हालांकि यह निर्माण एसईसीएल की लीज पर ली गई भूमि पर होने के कारण प्रबंधन की आपत्ति के चलते रोक दिया था। नगर निगम ने ठेकेदार को निर्माण लागत का भुगतान भी कर दिया, लेकिन तकनीकी व प्रशासनिक अड़चनों के कारण पिछले तीन वर्षों से यह कार्य अधूरा रहा। समय के साथ यह चौपाटी निर्माण स्थल खंडहर में तब्दील हो गया, जिससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित हुई, बल्कि जनता में भी गहरी नाराजगी देखने को मिली। चिरमिरी शहर में चौपाटी निर्माण का उद्देश्य लोगों को एक सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना था, जहां वे सड़क किनारे अव्यवस्था और यातायात बाधा के बिना भोजन का आनंद ले सकें, लेकिन निर्माण अधूरा रहने के कारण यह परियोजना जनता के लिए सुविधा के बजाय असुविधा का कारण बन गई थी। लंबे समय से लोग इस चौपाटी के पुनः प्रारंभ होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब महापौर रामनरेश राय के प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। बीते शुक्रवार को महापौर रामनरेश राय ने नगर निगम के एमआईसी सदस्यों व स्वच्छता अधिकारी के साथ मिलकर चौपाटी परिसर का निरीक्षण किया और व्यापक साफ-सफाई अभियान चलवाया। महापौर ने कहा कि जल्द ही चौपाटी के शेष बचे निर्माण कार्यों को पूरा कराया जाएगा और जनता की सुविधा के अनुरूप दुकानों का आबंटन किया जाएगा। चौपाटी के चालू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, साथ ही हल्दीबाड़ी क्षेत्र की रौनक भी बढ़ेगी। यह चौपाटी आने वाले समय में चिरमिरी शहर के लिए एक प्रमुख आकर्षण और व्यवस्थित फूड हब के रूप में अपनी पहचान बनाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *