सिरोही जिले के नया सानवाड़ा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की गई है। भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी हिम्मत छीपा ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की अपील की। वर्ष 1956 में आदर्श गांव रहा नया सानवाड़ा आज भी चिकित्सा सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ है। पिंडवाड़ा-सिरोही फोरलेन पर स्थित इस गांव की भूराराम कॉलोनी में केवल एक उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। गांव की बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही है। छीपा ने ज्ञापन में बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत होने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास की तेलपुर और बालदा पंचायत के निवासियों को भी लाभ मिलेगा। इसमें राजपुरा, जूना सानवाड़ा, वीरोली, झूपा बस्ती, मोटाल और खड़ी गेगरवा जैसे गांव शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, फोरलेन पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र होने से ऐसे हादसों में घायल होने वाले लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिलेगी।


