नरसिंहपुर जिले के करेली विकासखंड के उमरिया गांव में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैल गया है। अब तक 41 लोग इस बीमारी से प्रभावित हुए हैं। इनमें से कई मरीजों को जिला अस्पताल और कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सर्वेक्षण कर रही है और स्थिति का जायजा ले रही है। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. गुलाब खातरकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 2 अक्टूबर को गांव की पेयजल टंकी की सफाई की गई थी। इसके बाद ही ग्रामीणों में उल्टी-दस्त के लक्षण दिखने शुरू हुए। सोमवार को शंकरलाल सिलावट, चरण सिंह और रीछा गांव के रूप सिंह जैसे कुछ मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। CMHO बोले- गांव में निगरानी बढ़ाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनीष कुमार मुश्रा ने बताया कि गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य टीम लगातार प्रभावित लोगों की जांच कर रही है और आवश्यकतानुसार उपचार प्रदान कर रही है। बीमारी के मूल कारण का पता लगाने के लिए पेयजल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।


