नरसिंहपुर में जैविक और प्राकृतिक हाट:स्वसहायता समूहों की महिलाओं और प्रतिनिधियों ने लगाए स्टाल

नरसिंहपुर जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को एक विशेष हाट बाजार का आयोजन किया गया। यह हाट बाजार जिला मुख्यालय स्थित सुभाष पार्क के पास जिला पंचायत कॉम्प्लेक्स में लगाया गया। इसमें जिले के कई किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और स्वसहायता समूहों की महिलाओं व प्रतिनिधियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां जैविक अनाज, दालें, सब्जियां, फल और अन्य प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री की गई। इस हाट बाजार में जिले के नागरिकों के साथ-साथ सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों ने भी जैविक उत्पादों की खरीदारी की। आम नागरिकों ने रसायन मुक्त और शुद्ध उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई, जिससे बाजार में अच्छी चहल-पहल रही। उप संचालक कृषि मौरिस नाथ ने बताया कि हाट बाजार में जैविक गेहूं, चना दाल, अरहर दाल, मूंग दाल, जैविक चावल और जैविक गुड़ उपलब्ध थे। प्राकृतिक सब्जियों में ककड़ी, मटर, बरबटी, मेथी, लाल भाजी, लौकी, तुरई, बैंगन, अदरक, टमाटर, आलू और शकरकंद शामिल थे। इसके अतिरिक्त, पपीता, केला, आम, अमरूद, नींबू, चीकू जैसे फल, बिनौला घी और फसल अवशेषों से निर्मित शुद्ध प्राकृतिक जैविक खाद तथा वर्मी कम्पोस्ट खाद की भी प्रदर्शनी व बिक्री की गई। मौरिस नाथ ने यह भी बताया कि जिले के समस्त कृषकों, स्वसहायता समूहों और एफपीओ को उनके उत्पादों का उचित दाम दिलाने के लिए यह हाट बाजार अब सप्ताह में दो दिन, प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को लगेगा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक संख्या में पहुंचकर इन जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का क्रय करें। कलेक्टर ने किया निरीक्षण इस अवसर पर कलेक्टर रजनी सिंह ने जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने जैविक उत्पादकों से बातचीत कर उनके अनुभव जाने और स्वयं भी विभिन्न उत्पादों की खरीदारी की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश, उप संचालक कृषि मौरिस नाथ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *