नरसिंहपुर नगर पालिका के कर्मचारी बुधवार को मध्यप्रदेश अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले अपनी लंबित मांगों को लेकर नपा परिसर के बाहर हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, एरियर का भुगतान रुका हुआ है और नियमितीकरण की प्रक्रिया भी अधर में लटकी हुई है। कई बार की शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई कर्मचारियों ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर उन्होंने कई बार कलेक्टर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा के चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। आंदोलन के तहत नगर पालिका के सामने धरना दिया जा रहा है। अपनी मांगों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक वाहन रैली भी निकाली गई। यह रैली नगरपालिका परिसर से शुरू होकर बाहरी रोड, स्टेशनगंज, मुख्य मार्ग होते हुए खैरी नाका तक गई और फिर धरना स्थल पर खत्म हुई। कर्मचारियों ने निकाली वाहन रैली वाहन रैली में लगभग 50 बाइक शामिल थीं। कर्मचारियों ने दो मिनी साउंड बॉक्स के माध्यम से अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। धरना स्थल पर, नगरपालिका के सामने मोनू पान सेंटर के पीछे, टेंट लगाकर कर्मचारी शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगे पूरी न होने तक जारी रहेगा आंदोलन कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें—समय पर वेतन का भुगतान, लंबित एरियर की अदायगी और नियमितीकरण—पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था, जल आपूर्ति और अन्य कई आवश्यक सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।


