बैतूल जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो जिंदगियां ले लीं। बैतूल-सारणी स्टेट हाईवे के ग्राम चिखलार के पास मंगलवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हुआ। मृतकों की पहचान मुकेश पिता गुलाब वरवड़े (30) और मुकेश पिता पतंग चौकीकर (32) के रूप में हुई है। तीसरा युवक रविकुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसे जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित किया। शवों का पोस्टमॉर्टम बुधवार सुबह जिला अस्पताल में किया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। कैटरिंग और पेंटिग का काम करते थे जानकारी के अनुसार, मुकेश चौकीकर कैटरिंग का काम करते थे, जबकि मुकेश वरवड़े पेंटिंग का कार्य करते थे। दोनों रात को चिखलार गए थे और लौटते समय हादसा हुआ। हादसे के बाद परिजन बुरी तरह टूट गए हैं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।


