नरसिंहपुर जिले में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। गाडरवारा तहसील के ग्राम तेंदूखेड़ा छोटा निवासी 23 वर्षीय मुस्कान चौधरी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने नरसिंहपुर एसपी को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शादी के कुछ समय बाद शुरू हुई प्रताड़ना मुस्कान चौधरी ने अपने आवेदन में बताया कि उनका विवाह 6 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति और ससुराल पक्ष दहेज को लेकर परेशान करने लगे। आरोप है कि पति ने कार और दो लाख रुपए नकद की मांग की और कहा कि दहेज पूरा होने पर ही उन्हें ससुराल में सम्मान से रखा जाएगा। महिला बोली- पहले ही दिया था भरपूर दहेज पीड़िता के अनुसार, उनके माता-पिता ने विवाह में अपनी हैसियत के अनुसार बाइक, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, सोफासेट, डबल बेड, चांदी की चेन, सोने की अंगूठी और नकद राशि सहित घरेलू उपयोग का पूरा सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। मारपीट कर घर से निकाले जाने का आरोप मुस्कान का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनके साथ मारपीट की गई और अंततः उन्हें घर से निकाल दिया गया। इसके बाद से वह अपने मायके में रहने को मजबूर हैं। घूमने के बहाने छोड़ने का आरोप पीड़िता ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उनके पति उन्हें घूमने के बहाने छींद मंदिर, बरेली ले गए। वहां नाश्ते में नशीली वस्तु खिलाकर उन्हें बेहोश कर दिया गया और सालीचौका क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए। होश में आने पर वह सालीचौका थाने पहुंचीं, जहां से उनके पिता को बुलाकर उन्हें मायके भेजा गया। पहले भी की शिकायत, नहीं हुई सुनवाई मुस्कान चौधरी ने बताया कि उन्होंने 17 नवंबर 2025 को थाना चीचली में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को एसडीओपी गाडरवारा को भी आवेदन दिया गया, लेकिन मामला फिर थाने स्तर पर टाल दिया गया। एसपी से कार्रवाई की मांग अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर से दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस स्तर पर जांच की बात कही जा रही है।


