नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में रविवार रात बालाजी धाम कॉलोनी के पास एक नाले से युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही गोटेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पालिका कर्मचारियों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटेगांव के शवगृह में रखवाया गया। गोटेगांव थाना के उप निरीक्षक अभिषेक पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान गोटेगांव निवासी युवक चुन्नी यादव के रूप में हुई है, जो पैरों से दिव्यांग था। युवक के पिता रामप्रसाद यादव ने 19 दिसंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। कॉलोनी निवासी दीपक गुप्ता ने बताया कि उनके मकान निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में से एक महिला को झाड़ियों के पीछे कुछ पड़ा हुआ दिखा। शुरुआत में इसे पुतला समझा गया, लेकिन करीब से देखने पर शव था। इसके बाद कॉलोनीवासियों को सूचित किया गया। कॉलोनी ऑर्गेनाइजर पंकज चौकसे ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


