भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 की बदहाली और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर आज सोमवार को संत समाज फिर आंदोलन की राह पर है। मालनपुर के पास बरैठा टोल प्लाजा पर ‘नो रोड-नो टोल’ की मांग को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के लिए सुबह से ही लोग एकत्रित होने लगे हैं। संत समाज पिछले दो साल से इस हाईवे को सिक्सलेन बनाने की मांग कर रहा है। भिंड के संत समाज द्वारा आज नेशनल हाईवे-719 पर बने बरैठा टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन ‘नो रोड-नो टोल’ थीम पर आधारित है। इसमें सवाल उठाया जाएगा कि जब सड़क की स्थिति बेहतर नहीं है तो टोल टैक्स क्यों वसूला जा रहा है। सुबह करीब 11 बजे भिंड से बड़ी संख्या में लोग बसों और चार पहिया वाहनों से बरैठा टोल प्लाजा पहुंचेंगे। सांकेतिक रहेगा आंदोलन दैनिक भास्कर से चर्चा करते हुए संत समिति के जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज ने बताया कि यह आंदोलन पूरी तरह सांकेतिक रहेगा और किसी प्रकार का उपद्रव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईवे पर हो रही दुर्घटनाओं में लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीर नहीं है। संत समाज बीते दो वर्षों से हाईवे को सिक्सलेन बनाने की मांग कर रहा है। 7 महीने पहले मिले थे गडकरी से कालिदास महाराज ने बताया कि भिंड से दिल्ली जाकर संत समाज ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की थी, लेकिन सात महीने बीतने के बाद भी हाईवे विस्तार को लेकर काम शुरू नहीं हुआ। इसी के चलते एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाया गया है। आंदोलन की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, रिटायर्ड फौजी, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।


