नरसिंहपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत विचुआ के ग्राम सर्रा के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अपने टोले तक पक्की सड़क और पुलिया निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि पक्के आवागमन मार्ग के अभाव में रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। पक्की सड़क और पुलिस निर्माण की रखी मांग ज्ञापन में बताया गया कि सर्रा टोले में लगभग 25 मकान हैं, जहां करीब 125 लोग निवास करते हैं। इसी टोले में एक प्राथमिक शाला भवन भी है। सड़क न होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से मुख्य सड़क की दूरी लगभग 1.50 किलोमीटर है और बीच में एक नाला पड़ता है। बारिश के दिनों में यह नाला उफान पर आ जाता है, जिससे टोले का संपर्क मुख्य गांव से पूरी तरह कट जाता है और आवाजाही बाधित हो जाता है। प्रशासन पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए पहले भी आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन को यह भी अवगत कराया कि प्रस्तावित रास्ते में एक किसान की निजी भूमि आती है, जिसके लिए संबंधित किसान ने दान पत्र देने की सहमति दे दी है। इससे निर्माण कार्य में कोई बाधा नहीं आएगी। नाले पर पुलिया या कम ऊंचाई का डेम बनाने की मांग ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि टोले तक पहुंच मार्ग के साथ-साथ नाले पर पुलिया या कम ऊंचाई का डेम बनाया जाए। इससे वर्षभर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा।


