नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से सामूहिक रूप से नाम हटाने की कोशिश का मामला सामने आया है। भगवान सिंह पटेल नामक व्यक्ति की दर्ज कराई गई इन आपत्तियों के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, भगवान सिंह पटेल ने फॉर्म-7 के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों के कुल 934 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इसमें शामिल प्रमुख क्षेत्र हैं- ग्राम रांकई: 710 मतदाता (बूथ क्रमांक 150, 151, 152) ग्राम पिपरिया (लिंगा): 122 मतदाता (बूथ 107) ग्राम रातीकरार: 96 मतदाता (बूथ 103, 104) ग्राम पिपरिया (रांकई): 6 मतदाता (बूथ 148) भेदभाव और दुर्भावना का आरोप ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ये आपत्तियां असत्य और भेदभावपूर्ण हैं। उनका कहना है कि हाल ही में हुए बीएलओ सर्वे में सभी मतदाता स्थानीय निवासी पाए गए हैं और उनके नाम 2003 से सूची में दर्ज हैं। ग्रामीणों ने विशेष रूप से एक समुदाय को लक्षित करने का आरोप लगाते हुए इसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। साथ ही, गलत जानकारी देने पर ‘लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950’ और ‘भारतीय न्याय संहिता 2023’ के तहत कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन का पक्ष नरसिंहपुर एसडीएम मणिन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह वैधानिक होती है। किसी भी व्यक्ति का नाम काटने से पहले उसे दो बार नोटिस दिया जाता है और पूरी जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।


