भास्कर न्यूज| जांजगीर थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम नरियरा भाठापारा में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गणेश विसर्जन के दिन हुए झगड़े को लेकर धन्नू यादव 23 साल से आरोपियों ने राजीनामा के बदले 50 हजार रुपए की मांग की थी। धन्नू ने रकम देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने, जेल भिजवाने और नगर पालिका की नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। इससे मानसिक रूप से टूटकर धन्नू ने 11 सितंबर को आत्महत्या कर ली। मामले में नरियरा भाठापारा निवासी लक्ष्मण निर्मलकर 32 साल और रवि निर्मलकर 37 साल को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो और ऑडियो ने सामने लाई सच्चाई धन्नू यादव ने आत्महत्या से पहले वीडियो रिकॉर्ड कर नगर पंचायत के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा था। इसमें मौत के लिए सीधे तौर पर लक्ष्मण निर्मलकर और रवि निर्मलकर को जिम्मेदार ठहराया था। वीडियो के साथ ऑडियो क्लिप भी सामने आई, जिसमें उसने बताया कि वह लगातार प्रताड़ना और धमकियों के कारण तनाव में है और अब जीने की हिम्मत नहीं बची है। सूचना पर थाना प्रभारी मुलमुला ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। वीडियो और ऑडियो के आधार पर अपराध क्रमांक 292/25, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


