पांच हजार का लक्ष्य, 471 छात्रों ने ही कराया रजिस्ट्रेशन

भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन की गति बेहद धीमी बनी हुई है। सत्र 2025-26 में 5 हजार विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक केवल 107 स्कूलों से 471 छात्रों का ही रजिस्ट्रेशन हो पाया है। यह कुल लक्ष्य का मात्र 9.42 प्रतिशत है। कम संख्या में रजिस्ट्रेशन होने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने चिंता जताई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने अकलतरा, बलौदा, बम्हनीडीह, नवागढ़ और पामगढ़ बीईओ को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है, लेकिन इस सत्र में नए विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति अत्यंत धीमी है। 471 विद्यार्थियों का नामांकन विद्यालयों द्वारा किया गया है, जो लक्ष्य की तुलना में काफी कम है। यह विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण योजना के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। डीईओ ने निर्देश दिए हैं कि 2025-26 के लिए नए विद्यार्थियों का नामांकन इंस्पायर अवार्ड पोर्टल पर अंतिम तिथि से पहले अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। यदि पोर्टल बंद हो गया तो विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। इंस्पायर अवार्ड योजना वर्ष 2009 में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के छात्रों के लिए शुरू की गई थी। इस वर्ष इसमें 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी भी शामिल किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा वैज्ञानिकों को राष्ट्रपति भवन में आयोजित प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाता है। इनोवेटिव आइडिया डेवलप करने मिले हैं 10 हजार रुपए इनोवेटिव आइडिया को डेवलप करने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली की ओर से प्रत्येक चयनित छात्र को 10-10 हजार रुपए दिए जाते हैं। छात्र निर्धारित तिथि तक ईएमआईएस पोर्टल पर अपने आइडिया अपलोड करते हैं, तभी विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *