टोंक जिले के समरावता में हुए थप्पड़कांड में जेल में बंद नरेश मीणा समेत अन्य लोगों की रिहाई और अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नगरफोर्ट में रविवार को महापंचायत हुई। इसमे कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया।
गुंजल ने कहा कि यदि 10 दिन में नरेश मीणा समेत जेल में बंद अन्य लोगों को रिहा नहीं किया गया तो राजधानी में ईंट से ईंट बजा देंगे। गुंजल ने मंच से घोषणा कर सरकार को चेताया कि समरावता प्रकरण की न्यायिक जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराने, इस प्रकरण में सभी जेल में बंद लोगों को छोड़ने समेत अन्य मांगे 10 दिन में नहीं मानी तो अब राजधानी जयपुर में बड़ा आंदोलन होगा। ‘इतिहास बनेगा आंदोलन, जब तक जान है लड़ता रहूंगा’
समरावता प्रकरण में जेल में बंद नरेश मीणा समेत अन्य लोगों की रिहाई और अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नगरफोर्ट में रविवार को महापंचायत हुई। जिसमे गुंजल ने कहा कि जिस SDM ने आचार संहिता का उल्लंघन कर वोट डलवाए, घरों में घुसकर लोगों को मारा, आग लगाई उनके खिलाफ कोई कार्रवाई सरकार ने नहीं की।
गुंजल बोले कि जयपुर में होने वाला आंदोलन इतिहास बनेगा। ईंट से ईंट बजा देंगे। सरकार यह गलतफहमी निकाल दे कि यह आंदोलन कुचल देंगे। जब तक जान है तब तक इस अन्याय के खिलाफ लड़ता रहूंगा। पूर्व मंत्री खाचरियावास ने सीएम को बताया अयोग्य
महापंचायत में शामिल हुए पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि ये वो ही सरकार है, जिन्होंने पहले गुर्जर समाज के लोगों को मारा है। अब घरों में घुसकर समरावता में दलितों को मारा है।
इसके लिए उन्होंने गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री के पास होने की कहकर समरावता में लोगों पर फायर करने, आगजनी करने, मारपीट करने का जिम्मेदार ठहराया।
खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि वे अयोग्य मुख्यमंत्री है। पर्ची से उनकी लॉटरी लगी है। एमपी के विधायक बोले- मैने भी एसडीओ को मारा था
महापंचायत में शामिल होने आए मध्यप्रदेश के विधायक बाबूलाल झंडेल ने कहा- मैने तो एसडीओ को ऐसा मारा था कि 27 टांके आए थे। मैं सीएम भजनलाल से कहना चाहता हूं कि आप लोकतंत्र की हत्या नहीं करे। मैं चंबल नदी की कसम खा रह हूं कि हमने अंग्रेजों को भगा दिया तो ये क्या चीज है। सरकार सोचे कि सरकार जनता के लिए होती हैं। यह ध्यान रखे। महापंचायत में उमड़े 60 हजार लोग
महापंचायत में काफी भीड़ उमड़ी। इस दौरान 50 से 60 हजार की संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी लोगों ने नरेश मीणा समेत अन्य की रिहाई को लेकर आंदोलन करने की हुंकार भरी।
भीड़ को देखकर नगरफोर्ट और आसपास के लोग भी हैरान रह गए। इस दौरान भजनलाल सरकार होश में आओ, नरेश मीणा को न्याय दो के नारे गूंजते रहे। इस महापंचायत में पूर्व आईएएस टीकाराम मीणा, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना, एससी-एसटी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष केसी घुमरिया, एमपी के विधायक झंडेल समेत हजारों लोग शामिल हुए।


