नर्तक दलों ने आदिवासी विवाह नृत्य परम्पराओं की झलक दिखलाई, विजेताओं को मिले इनाम

कुआकोंडा के हितावर मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस ग्रामीण खेल महोत्सव में कबड्डी, वॉलीबॉल, गिल्ली डंडा, रस्सा खींच, कुर्सी दौड़, गोला फेंक सहित पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना रहा। मुख्य अतिथि दीपक बैज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं न सिर्फ शारीरिक विकास करती हैं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत बनाती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर कराने की बात कही। आयोजकों ने बताया कि सभी खेलों में महिला और पुरुष दोनों वर्गों को समान अवसर और समान पुरस्कार दिए गए, जिससे प्रतियोगिता में उत्साह और भागीदारी और बढ़ी। प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान एनएमडीसी कार्यकारी निदेशक रविंद्र नारायण, एमएनएस महाप्रबंधक वाईवी राघवेलु, देवती कर्मा, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जनक नेताम, छविंद्र कर्मा, सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष सुरेश कर्मा, अवधेश गौतम सहित अन्य मौजूद थे। स्पर्धा की विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार बांटे आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक नकद राशि और पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला कबड्डी में प्रथम पुरस्कार 10 हजार नकद व 10 कुकर, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार नकद व 10 कढ़ाई तथा तृतीय पुरस्कार 2500 नकद व 10 थाली दिया गया। वॉलीबॉल में प्रथम टीम को 7 हजार नकद व 10 ट्रैक सूट, द्वितीय को साढ़े 3 हजार नकद व 10 बैग और तृतीय को 2100 नकद व 10 टिफिन प्रदान किए गए। कुर्सी दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले महिला-पुरुष को 2 हजार नकद व टॉर्च तथा द्वितीय को 1500 नकद व कंबल मिला। गोला फेंक में प्रथम को 1500 नकद व टॉर्च, द्वितीय को 1 हजार नकद व थाली तथा तृतीय को 500 नकद दिया गया। आदिवासी लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम टीम को 7 हजार नकद व 10 ट्रैक सूट, द्वितीय को 5 हजार नकद व 10 बैग और तृतीय को 2500 नकद व 10 टिफिन दिया गया। गिल्ली डंडा में प्रथम को 1500 नकद व टॉर्च तथा द्वितीय को 1 हजार नकद व थर्मस पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *