नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार को तवा पुल पर एक क्रेन मशीन खराब होने से लंबा जाम लग गया। करीब 45 मिनट तक पुल पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए। बीच सड़क पर मशीन खराब होने के कारण वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे। सूचना मिलते ही माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूसरी क्रेन बुलवाकर खराब मशीन को हटवाया, जिसके बाद शाम 5.30 बजे यातायात सुचारु हो सका। निर्माणाधीन पुल के लिए आई थी मशीन जो मशीन खराब हुई, वह तवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के काम के लिए बुलाई गई थी। पुल के ऊपर से निकलने के दौरान अचानक मशीन में खराबी आ गई और वह बीच रास्ते में ही खड़ी हो गई। क्रेन के खड़े हो जाने से पुल के एक छोटे से हिस्से से ही दोनों तरफ के वाहन निकल पा रहे थे। इस कारण वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ‘आधे घंटे तक बनी रही जाम की स्थिति’ थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया, “तवा नदी पर निर्माणाधीन पुल के लिए आई क्रेन मशीन में खराबी आई थी। उसे दूसरी क्रेन मशीन से खींचकर पुल पार कराया। करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।”


