नर्मदापुरम में अवैध शराब को लेकर शहरवासी परेशान हैं, जिसे लेकर मंगलवार को बुधवाड़ा रोड हरदा बायपास श्रीरंग कॉलोनी के रहवासी देहात थाने पहुंचे। रहवासियों ने शराबियों और अवैध शराब बेचने वालों की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। रहवासियों ने कहा हरदा बायपास स्थित बुधवाडा रोड शराबियों का अड्डा बन गया है। शाम होते ही यहां शराबी आते हैं और रोड के पास स्थित खाली पड़े प्लाटों पर बैठते हैं और घंटों तक शराब पीते रहते हैं। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों और महिलाओं के साथ अभद्रता भी करते हैं। इस मार्ग पर इस तरह की असामाजिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पूर्व सैनिक के साथ अभद्रता
रहवासियों ने पुलिस को बीते दिनों हुई घटना के बारे में भी बताया। कहा कि कॉलोनी में रहने वाले पूर्व सैनिक और जिला पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष किशोर कुमार के साथ कुछ शराबियों ने झूमा झटकी की। शराबियों ने उनसे चेन, पर्स और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ झूमा झटकी भी की है। कालोनी निवासियों ने बताया कि इसके पहले भी इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं। चौराहे पर अवैध शराब की बिक्री
रेवा सिटी के सामने वाले चौराहे पर ही कुछ लोगों द्वारा अवैध शराब खुलेआम बेची जा रही है। शराबी वहीं से शराब लेकर सड़क किनारे और खाली पड़े प्लाटों पर जाते हैं। उनके महफिलें देर रात तक चलती रहती हैं। थाना प्रभारी पांडे ने लोगों की समस्या को गंभीरता से सुना और करवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आज से ही उस क्षेत्र में नियमित गश्त की जाएगी और संदिग्धों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी मंडल अध्यक्ष ने अवैध शराब बिक्री बंद कराने की मांग
इधर, भाजपा नर्मदापुरम मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत ने सोमवार को नगर में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने एसपी को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में शराब माफिया सक्रिय हैं और गली-मोहल्लों में अवैध शराब बिकने से अपराध बढ़ रहे हैं। राजपूत ने कहा कि इस विषय पर पूर्व में भी पत्र दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो अपराधों में और वृद्धि होगी।


