नर्मदापुरम में युवक का अपहरण कर 5 घंटे पीटा:पिकअप में डालकर रेत खदान ले गए; युवती का रिश्ता तुड़वाने का था शक

नर्मदापुरम में एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर बुधनी रोड से 6 लोगों ने 28 वर्षीय युवक को जबरन पिकअप गाड़ी में बैठाया और बरनडुबा रेत खदान ले गए। वहां करीब 5 घंटे तक उसे बंधक बनाकर पीटा गया। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी रात में युवक को रास्ते में छोड़कर भाग निकले। देहात थाना पुलिस ने शनिवार रात 12 बजे 6 आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट का केस दर्ज किया है। मामला प्रेम-प्रसंग और पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वैदिक विहार कॉलोनी निवासी पीड़ित सुशील कीर (28) और उसकी मौसी का बेटा राहुल नायर ट्राइडेंट कंपनी में नौकरी करते हैं। शनिवार दोपहर 3.30 बजे दोनों बाइक से कंपनी की शाम की शिफ्ट में जा रहे थे। तभी युवती का भाई और अन्य परिजन वहां आए। उन्होंने सुशील को बाइक से उतारा और जबरदस्ती पिकअप गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वे उसे बरनडुबा गांव स्थित रेत खदान पर ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई। पुलिस की गाड़ी देखते ही छोड़कर भागे घटना के वक्त मौजूद सुशील के मौसेरे भाई राहुल नायर ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन देहात थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। लोकेशन बरनडुबा रेत खदान की मिलने पर एसआई मोनिका गौर और एएसआई प्रवीण शर्मा टीम के साथ रवाना हुए। रात करीब 9 बजे रास्ते में पुलिस की गाड़ी देख पिकअप सवार सभी आरोपी सुशील को नीचे छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घायल सुशील को अस्पताल पहुंचाकर उसका इलाज कराया। मेडिकल के बाद रात 12 बजे 6 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया। युवती का रिश्ता तुड़वाने का आरोप पीड़ित सुशील कीर पूर्व में युवती का दोस्त रहा है। युवती के परिजनों का आरोप है कि सुशील उसकी शादी के रिश्ते तुड़वाने की कोशिश करता था। युवती को परेशान करने और फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में सुशील के खिलाफ 8 महीने पहले रामपुर गुर्रा थाने में छेड़छाड़ का केस भी दर्ज हो चुका है। इसी रंजिश के चलते युवती के भाई और परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया। अधिकारी बोले- जांच कर रहे हैं एसआई मोनिका गौर ने बताया कि युवक ट्राइडेंट कंपनी में काम करता था। जिसे 6 युवक गाड़ी में बैठाकर ले गए थे और मारपीट की। मामले में जांच कर रहे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *