नर्मदापुरम के बनखेड़ी में शुगर मिल के पीछे ओल नदी में रविवार को एक युवक का शव मिला है। मृतक की शिनाख्त सेवक उर्फ शिवा कहार (23) के रूप में हुई है। वह पिछले 7 दिनों से लापता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सेवक उर्फ शिवा जुनेहटा का रहने वाला था और रायसेन जिले के सांईखेड़ा में मजदूरी करता था। वह 28 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी सांईखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। 6-7 दिन पुरानी है लाश, फोटो से हुई पहचान
रविवार शाम को बनखेड़ी में ओल नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव करीब 6-7 दिन पुराना बताया जा रहा है। बनखेड़ी थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि पोस्टमार्टम में डॉक्टर ने गला दबाने से मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शव की फोटो आसपास के थानों और सोशल मीडिया पर भेजी, जिसके बाद उसकी पहचान हो सकी। पुलिस अब हत्यारों की तलाश में जुट गई है।


