नर्मदापुरम में शराब से भरा ट्रक पलटा:28 लाख की 350 पेटी गायब; ट्रांसपोर्टर ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई; ड्राइवर फरार

नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर करणपुर के पास 28 दिसंबर को अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक सड़क से नीचे उतर गया था। इस मामले में अब नया अपडेट सामने आया है। ट्रक में शराब की कुल 1100 पेटियां थीं, लेकिन पुलिस को मौके से 750 पेटी ही मिलीं। ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद 350 पेटी शराब चोरी हो गई है। साहिल रोडवेज इंदौर के प्रतिनिधि हेमंत विश्वकर्मा ने सोहागपुर थाने में 350 पेटी शराब चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके से करीब 64 लाख 65 हजार रुपए कीमत की 750 पेटी शराब जब्त की थी। साहिल रोडवेज के हेमंत विश्वकर्मा ने बताया कि बड़वाह (खरगोन) से मैकडॉवेल्स (MD) ब्रांड की 1100 पेटियां लोड होकर शहडोल के सरकारी आबकारी वेयरहाउस जा रही थीं। घटना की जानकारी उन्हें 28 दिसंबर को सुबह 9 बजे मिली। जब वे इंदौर से मौके पर पहुंचे, तो पुलिस शराब को दूसरी जगह रखवा चुकी थी। पुलिस ने 750 पेटी जब्त की हैं, जबकि 350 पेटी शराब मौके से अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली। टाइमिंग पर सवाल: 5 किमी चलने में 9 घंटे कैसे लगे?
ट्रांसपोर्टर के मुताबिक, ड्राइवर ने 27 दिसंबर की रात 10 बजे सोहागपुर से निकलने की बात कही थी। उनके अनुसार एक्सीडेंट रात 10:30 से 11:30 बजे के बीच हुआ। वहीं, पुलिस और ग्रामीणों को घटना की सूचना 28 दिसंबर की सुबह 7.30 बजे मिली। सवाल उठ रहा है कि जब ट्रक रात 10 बजे सोहागपुर में था, तो महज 5 किमी दूर एक्सीडेंट स्पॉट तक पहुंचने में इतना वक्त कैसे लगा? पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर स्थिति साफ कर सकती है। परमिट वैध था, फिर ड्राइवर क्यों भागा?
ट्रक में लोड शराब का परमिट 28 दिसंबर 2025 की सुबह 4:56 बजे तक वैध था। इसके लिए 7,398 रुपए परिवहन शुल्क भी जमा था। हेमंत विश्वकर्मा का कहना है कि ट्रक उनका ड्राइवर देवेंद्र गिरी गोस्वामी (निवासी हाटपीपल्या, देवास) चला रहा था। शराब वैध थी, लेकिन एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर डरकर भाग गया, जिससे पुलिस ने अवैध परिवहन का केस दर्ज कर लिया। आशंका है कि शराब माफिया या ग्रामीणों ने शराब लूटी है या प्लानिंग के तहत ट्रक नीचे उतारा गया। पुलिस ने दर्ज किया था अवैध परिवहन का केस
घटना की सूचना पर एसडीओपी संजू चौहान और सोहागपुर थाना प्रभारी ऊषा मरावी मौके पर पहुंची थीं। पुलिस ने ट्रक (UP 92 T 5398) में मिली 750 पेटियों को दूसरे वाहन में रखवाकर जब्त किया। ड्राइवर के फरार होने के कारण पुलिस ने 14 घंटे बाद अवैध शराब परिवहन का मामला दर्ज किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *