नर्मदापुरम में CM के स्वागत की पोस्ट करना पड़ा भारी:यूथ कांग्रेस नेता को थाने ले गई पुलिस, 2 घंटे बैठाया; बाउंड ओवर का नोटिस दिया

नर्मदापुरम के सोहागपुर में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अर्पित तिवारी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत की पोस्ट सोशल मीडिया पर डालना महंगा पड़ गया। पुलिस ने गुरुवार रात उन्हें सोहागपुर थाने ले जाकर दो घंटे तक बैठाए रखा। इसके बाद उन्हें प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर करने की चेतावनी देते हुए नोटिस थमाया गया। अर्पित तिवारी ने बताया कि उन्होंने 15 जनवरी (गुरुवार) शाम 4 बजे फेसबुक पर एक पोस्ट की थी। इसमें लिखा था- “सोहागपुर विधानसभा में स्वागत है मुख्यमंत्री का, जोरदार अभिनंदन होगा। युवा कांग्रेस, इंडियन यूथ कांग्रेस।” इस पोस्ट के बाद रात 8 बजे पुलिस उन्हें थाने ले गई। पुलिस बोली- यह कृत्य अपराध की श्रेणी में है थाने में दो घंटे बैठाने के बाद पुलिस ने तिवारी को एक नोटिस दिया। पत्र में लिखा गया कि ‘आपके द्वारा किया गया कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है। क्यों न आपके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाकर अधिक से अधिक राशि से बाउंड ओवर कर प्रतिबंधित किया जाए।’ कांग्रेस ने बताया अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला पुलिस द्वारा दिए गए नोटिस को कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वहीं, यूथ कांग्रेस सचिव ने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर रोक लगाना बताया है। गौरतलब है कि सीएम मोहन यादव आज (शुक्रवार) माखननगर के दौरे पर हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन सुरक्षा को लेकर सतर्क है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *