नर्मदा जयंती पर रविवार को नरसिंहपुर जिले के सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल बरमान घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रकृति की चुनौतियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद मां नर्मदा के प्रति अटूट विश्वास ने श्रद्धालुओं के कदमों को रुकने नहीं दिया। तड़के 4 बजे से ही घाटों पर ”नर्मदे हर” के जयकारों के साथ जनसैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार से अचानक बदले मौसम और कड़ाके की ठंड ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन भक्तों के उत्साह के आगे मौसम बौना साबित हुआ। सागर, दमोह, रायसेन और नरसिंहपुर सहित आसपास के जिलों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में ही पुण्य सलिला मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद तट पर दीपदान और पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।


