नर्सिंग-पैरामेडिकल व एएनएम पदों पर मेरिट व बोनस अंक से भर्ती की मांग, रोष मार्च निकाला

भास्कर संवाददाता | हनुमानगढ़ नियमित नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार एवं पैरामेडिकल के 4 हजार, एएनएम के 7 हजार पदों पर मेरिट एवं बोनस अंक के आधार पर नई नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग के संबंध में संविदा एवं निविदा पर कार्यरत नर्सेज व पैरामेडिकल कर्मियों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर रोष मार्च निकाला। पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति एवं राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति के बैनर तले सीएमएचओ कार्यालय से रवाना हुआ रोष मार्च जिला कलक्ट्रेट पहुंचा, जहां विरोध-प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। संविदा-निविदा कर्मियों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से अपनी मांगों को शीघ्र स्वीकार करने की मांग की। संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने वाले लैब टेक्नीशियन, सहायक रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन एवं अन्य पैरामेडिकल कैडर्स के हजारों कार्मिक निविदा, संविदा, प्लेसमेंट, एनएचएम, पीपीपी व अन्य माध्यमों से कार्यरत हैं। वर्तमान में संविदा कर्मचारी अत्यंत अल्प वेतन में बंधुआ मजदूर की तरह कार्यरत हैं। इससे वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हैं। इस मौके पर पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष अंकित गोदारा, नर्सिंग एसोसिएशन जिलाध्यक्ष बंसीलाल वर्मा, मोहन सोनी, विकास, प्रवीण भोभिया, राजेश शर्मा, विजय स्वामी, शिव यादव, अमित पूनिया, विकास स्वामी, मोहन सोनी, बृजेश स्वामी, लालचंद, यश चिलाना, सतनाम सिंह मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *