नर्सिंग स्टाफ को इंक्रीमेंट नहीं मिला:विदिशा में 2019 से वेतन वृद्धि अटकी, कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

विदिशा जिला अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने वेतन वृद्धि न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की है। कर्मचारियों ने शुक्रवार को स्वास्थ्य आयुक्त और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। नर्सिंग स्टाफ के अनुसार, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को अब तक इंक्रीमेंट का लाभ नहीं मिल पाया है। परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बावजूद इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (IFMS) पोर्टल पर इंक्रीमेंट प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जिससे वेतन निर्धारण में समस्या आ रही है और कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि शासकीय नियमों के तहत नर्सिंग अधिकारियों को विशेष वेतन वृद्धि (स्पेशल इंक्रीमेंट) दिए जाने का प्रावधान है। हालांकि, IFMS पोर्टल में वेतन निर्धारण के दौरान इस स्पेशल इंक्रीमेंट को जोड़ने का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं है। इसी तकनीकी खामी के कारण वर्षों से उनकी वेतन वृद्धि अटकी हुई है। नर्सिंग स्टाफ ने मांग की कि IFMS पोर्टल में तत्काल आवश्यक तकनीकी सुधार किए जाएं और स्पेशल इंक्रीमेंट का विकल्प जोड़ा जाए। इससे वर्ष 2019 के बाद नियुक्त नर्सिंग अधिकारियों का वेतन नियमों के अनुरूप निर्धारित किया जा सकेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *