प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, संबद्धता पर अब तक असमंजस है। हाई कोर्ट ने इस सत्र के लिए मेडिकल यूनिवर्सिटी, जबलपुर को ही संबद्धता देने के लिए कहा है, लेकिन सरकार ने अब तक इसके आदेश जारी नहीं किए। सरकार चाहती है कि क्षेत्री कॉलेज की मान्यता दें।
इधर, नर्सिंग काउंसिल ने बीएससी नर्सिंग के 157 कॉलेजों को मान्यता जारी कर दी है। इन्होंने बिना संबद्धता मिले ही ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू कर दी है। ऐसे कॉलेजों में बीएससी की 7864 सीटें हैं। कॉलेज अब यूनिवर्सिटी से संबद्धता के लिए आवेदन करेंगे। बता दें कि 2020-21, 2021-22 और 2022-23 में नर्सिंग कॉलेजों ने बिना संबद्धता के छात्रों को प्रवेश दिया था। इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा। हाई कोर्ट ने फटकार लगाकर पूछा था कि बिना संबद्धता कॉलेजों में प्रवेश कैसे हुआ। सीबीआई जांच में फर्जीवाड़ा सामने आया। इधर, मेडिकल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. पुष्पराज सिंह बघेल का कहना है कि संबद्धता के बारे में शासन से विवि को अभी तक आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।


