फलोदी पुलिस ने ऑनलाइन चाइल्ड पोर्नोग्राफी सामग्री प्रसारित करने के गंभीर आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के अनुसार, यह कार्रवाई महिलाओं और बालकों से जुड़े अपराधों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। फलोदी थाना प्रभारी भंवराराम ने बताया कि बाप थाना क्षेत्र के कानासर गांव निवासी सुपाराम पुत्र जोराराम विश्नोई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का उपयोग कर अश्लील इलेक्ट्रॉनिक सामग्री प्रसारित करने का आरोप है। NCRB रिपोर्ट से उजागर हुई ऑनलाइन गतिविधि एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि एनसीआरबी नई दिल्ली से प्राप्त एक साइबर हेल्पलाइन रिपोर्ट में यह मामला सामने आया था। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि आरोपी सुपाराम बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) ऑनलाइन साझा कर रहा था, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। आईटी एक्ट में दर्ज हुआ मामला, आरोपी था फरार रिपोर्ट के आधार पर 22 नवंबर 2023 को बाप थाने में आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसकी जांच फलोदी थानाधिकारी द्वारा की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है।


