भाजपा का पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर पलटवार:कहा- लोढ़ा तथ्यहीन आरोपों से जनता को गुमराह नहीं कर सकते

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिरोही जिले ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़ और नरपत सिंह राणावत, जिला प्रवक्ता गोपाल माली व राजेंद्र सोलंकी ने सर्किट हाउस में संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने बताया कि दो दिन पहले पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और अन्य मुद्दों को लेकर सिरोही मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और उनके बेटे विक्रम देवासी पर राम झरोखा मंदिर के पीछे की जमीन के पट्टों के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया था। भाजपा पदाधिकारियों ने लोढ़ा से आरोपों के सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक लोढ़ा तथ्यहीन और आधारहीन बातों से राज्य मंत्री देवासी की छवि खराब करने की साजिश रच रहे हैं, जिसे जनता भली-भांति समझती है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुंबाराम चौधरी ने पहले ही जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर राम झरोखा मंदिर के पीछे की जमीन के पट्टों की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि पट्टे गलत पाए जाते हैं तो उन्हें निरस्त किया जाए। भाजपा नेताओं ने आरएसएस को राष्ट्र निर्माण वाला संगठन बताया, जो लाखों कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और समर्पण से बना है। उन्होंने कहा कि आरएसएस देश की हर विपदा में राष्ट्रीय हित में पूर्ण समर्पण देता है। भाजपा ने लोढ़ा पर आरएसएस को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए इसे उनकी “मानसिक दिवालियापन” का प्रतीक बताया। भाजपा ने कहा कि पूर्व विधायक लोढ़ा अपना जनाधार खो चुके हैं और वे संघ विरोधी तथा तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। उन्होंने लोढ़ा के सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म की बात करना उन्हें शोभा नहीं देता। भाजपा ने कांग्रेस सरकार के दौरान लोढ़ा के विधायक रहते हुए हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय कालंद्री में शनि धाम की दीवार तोड़ी गई थी, शिवगंज के चांदना गांव में हनुमान मंदिर और आबूरोड में हनुमान मंदिर तोड़ा गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो लोढ़ा ने पुलिस बल का प्रयोग कर लाठीचार्ज करवाया और 50 लोगों पर मुकदमे दर्ज कराए, जो आज भी चल रहे हैं। भाजपा ने इसे लोढ़ा की सनातन धर्म के प्रति मानसिकता बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राम को काल्पनिक बताया था राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकराया था वो आज राम की बात कर रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, बाबू सिंह मकरोड़ा, चिराग रावल, गोविंद माली, भंवर माली, महेंद्र माली, राजेन्द्र सिंह, गोविंद सैनी, निंबाराम देवासी, हिम्मत छिपा, दिनेश वैष्णव सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *