प्रदेश की प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस संगठन में विस्तार की तैयारी शुरु हो गई है। माना जा रहा है नवरात्रि के बाद प्रदेश कांग्रेस के शेष पदों पर नियुक्तियां कर ली जाएंगी। शेष जिलों के अध्यक्ष भी जल्द बदले जाएंगे। साथ ही एनएसयूआई और महिला कांग्रेस को भी नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। दरअसल सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस एकजुटता के साथ सत्ताधारी दल भाजपा के मुकाबले के लिए फिर से तैयार हो रही है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विस्तार साथ ही जिलों के अध्यक्ष भी बदले जा रहे हैं। अभी तक 14 से ज्यादा जिलों के अध्यक्ष बदले जा चुके हैं जबकि शेष जिलों के अध्यक्षों की सूची भी जा चुकी है। लेकिन समन्वय स्थापित नहीं होने के कारण उनकी नियुक्ति में देरी हो रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही शेष जिलों को नया कांग्रेस अध्यक्ष मिल जाएगा। तीन अप्रैल को सभी जिलाध्यक्षों की बैठक लेंगे राहुल गांधी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तीन अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सभी जिलाध्यक्षों को दिल्ली बुलाया है। माना जा रहा था कि इससे पहले ही शेष बचे जिलों के अध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी जाएंगी लेकिन जो संकेत मिल रहे हैं उसके मुताबिक नियुक्तियों में देरी हो सकती है। पीसीसी का विस्तार करने के साथ ही शेष जिलों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। लेकिन अभी इसमें समय लगेगा। हमारी कोशिश है कि पार्टी की गतिविधियों को अंतिम व्यक्ति तक लेकर जाने वाले लोगों को ही प्राथमिकता दी जाए। अनुभवी चेहरों के साथ युवाओं को भी मौका दिया जाएगा। – विजय जांगिड़, प्रभारी सह सचिव कांग्रेस एनएसयूआई, महिला कांग्रेस को भी नया अध्यक्ष मिलेगा बताया गया है कि एनएसयूआई अध्यक्ष का कार्यकाल भी लगभग पूरा हो चुका है। इसकी प्रक्रिया भी जल्द शुरु की जाएगी। पार्टी के कार्यक्रमों को निचले स्तर तक पहुंचाने के लिए इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए तेज तर्रार युवा को इसकी कमान सौपने की तैयारी है। इसी तरह पिछले कुछ सालों से प्रदेश महिला कांग्रेस की गतिविधियां लगभग शून्य हैं इसे देखते हुए तेज तर्रार नेत्री को महिला कांग्रेस की कमान सौंपने की तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि किसी आेबीसी नेत्री को भी महिला कांग्रेस की कमान सौंपी जाएगी। रायपुर शहर-ग्रामीण, धमतरी समेत इन जिलों के अध्यक्ष बदले जाएंगे कांग्रेस के शेष बचे जिलों में रायपुर, शहर-ग्रामीण, राजनांदगांव शहर, मोहला मानपुर, जीपीएम, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, रायगढ़ शहर ,शक्ति, जांजगीर-चांपा, भिलाईनगर, दुर्ग शहर, कांकेर, बीजापुर, सूरजपुर के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। इनमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।


