वर्ल्ड अपडेट्स:थाईलैंड में 5 चीनी नागरिक गिरफ्तार, ढह चुकी 30 मंजिला इमारत के दस्तावेज चुराने का आरोप

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 5 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी नागरिक भूकंप से तबाह हुई इमारत से अहम दस्तावेजों को चुरा रहे थे। बैंकॉक के चतुचक जिले में 28 मार्च को भूकंप आया था, इसमें एक 30 मंजिला इमारत ढह गई थी। इस इमारत को एक चाइनीज कंपनी और एक थाई निर्माण कंपनी मिलकर बना रही थीं। भूकंप में इमारत के गिरने के बाद अधिकारियों ने इस जगह को प्रतिबंधित आपदा स्थल घोषित कर दिया था। थाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 5 चीनी नागरिकों को रविवार को प्रतिबंधित इलाके से दस्तावेज, ब्लूप्रिंट ले जाते हुए देखा गया था। पकड़े जाने पर उन्होंने दावा किया कि वे बीमा क्लेम के लिए आए हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग के खिलाफ सरकार सख्त, किंग ज्ञानेंद्र की जांच के लिए हाई लेवल कमेटी का गठन नेपाल में केपी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट सरकार हिंदू राष्ट्र और राजशाही की वापसी की मांग के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही है। शुक्रवार को काठमांडू में राजशाही समर्थकों द्वारा की गई हिंसा को लेकर पूर्व किंग ज्ञानेंद्र की घेराबंदी तेज कर दी गई है। सरकार ने एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया है जो आंदोलन और हिंसा की जांच करेगी। साथ ही ज्ञानेंद्र की भूमिका को लेकर भी जांच होगी। सरकार के प्रवक्ता पृथ्वी गुरंग ने बताया कि हिंसक आंदोलन को लेकर ज्ञानेंद्र ने ही पूरी योजना बनाई थी। राजशाही समर्थक नवराज सुवेदी और दुर्गा प्रसाई को आंदोलन के लिए तैयार किया। कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक ज्ञानेंद्र के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी नेपाल सरकार ने पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र पर 8 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इस बीच, नेपाल सरकार ने ज्ञानेन्द्र शाह के सुरक्षा कर्मियों की संख्या घटा दी है। सरकार की ओर से ज्ञानेंद्र को अब 25 की जगह 16 सुरक्षाकर्मी ही दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *