भिंड शहर में नववर्ष के स्वागत की तैयारियों के बीच बेकरी कारोबार में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को लेकर शहर की बेकरी में केक के ऑर्डर लगातार बढ़ रहे हैं। चॉकलेट, ब्लैक फॉरेस्ट, रेड वेलवेट सहित विभिन्न फ्लेवर के केक की मांग बढ़ने से बेकरी संचालक भी व्यस्त नजर आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बाजार में बिकने वाले केक और अन्य बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता व शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान शुरू किया है। फूड सेफ्टी टीम ने शहर की अलग-अलग बेकरी पर पहुंचकर केक सहित अन्य सामग्री के नमूने लिए। नववर्ष के अवसर पर केक और बेकरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुद्धता की जांच के लिए अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर भिंड के निर्देशानुसार एवं अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी और रीना बंसल ने भिंड शहर में संचालित दो प्रमुख बेकरी का निरीक्षण किया और विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने जामना रोड स्थित राहुल बेकरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केक, स्ट्रॉबेरी क्रश, शक्कर, मैदा, वनीला कंसन्ट्रेट और लिक्विड चॉकलेट के नमूने लिए गए। इस दौरान बेकरी परिसर की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर संबंधित बेकरी संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने अटेर रोड स्थित केके. एम्पायर कॉलोनी में संचालित शिव बेकरी का निरीक्षण किया। यहां से ब्लैक फॉरेस्ट केक, व्हिप टॉपिंग, शक्कर, व्हाइट चॉकलेट नट्स, डार्क चॉकलेट, बटर स्कॉच फूड एडिटिव और रेड वेलवेट केक मिक्स के नमूने लिए गए। इस बेकरी में भी कुछ अनियमितताएं पाए जाने पर धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दोनों बेकरी से लिए गए सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बेकरी संचालकों को साफ-सफाई, गुणवत्ता और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नववर्ष पर आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके


