रतलाम के माली कुआं क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जर्जर कुएं में एक नवविवाहिता के गिरने से मौत हो गई। महिला कैसे गिरी है स्पष्ट नहीं हो पाया है। जर्जर कुएं को लेकर क्षेत्रवासियों ने विरोध जताया है। महापौर प्रहलाद पटेल और क्षेत्रीय पार्षद आयुषी जलज सांखला भी पहुंची। क्षेत्रवासियों ने कुएं की स्थिति को लेकर उनके सामने विरोध जताया। परिजन पीएम के लिए तैयार नहीं थे। करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी समझाते रहे। दोपहर 1 बजे शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर गए। मृतिका का नाम राधिका (25) पति केशव सांखला है। माली कुआं क्षेत्र में श्री राम मंदिर और श्री महावीर व्यायाम शाला परिसर के बीच सालों पुराना कुआं है। जिसे माली कुआं के नाम से जाना जाता है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे राधिका कुआ परिसर में स्थित शिवलिंग व बड़ के पेड़ पर जल चढ़ाने गई थी। कुएं के मुंडेर से निकलते समय पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई। सफाईकर्मी वहां से निकला तो कुएं से बचाओं की आवाज आई तो पता चला कि कोई कुएं में गिर गया है। आसपास के रहवासी व राधिका के घर वाले वहां पहुंचे तो पता चला कि राधिका कुएं में गिर गई। बाद में फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे में महिला को कुएं से निकाला गया। तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बिना पीएम के घर लेकर आ गए शव परिजन महिला के शव को लेकर घर आ गए। पुलिस को सूचना मिली। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीएम अनिल भाना, नायब तहसलीदार आशीष उपाध्याय, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, माणकचौक थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया, थाना औद्योगिक प्रभारी वीडी जोशी आदि पहुंचे। परिजनों को पीएम के लिए समझाने की कोशिश की। लेकिन परिजन मानने के लिए तैयार नहीं थे। बाद में मृतिका के पीहर पक्ष के लोग भी पहुंचे। वहीं भी पीएम के लिए तैयार नहीं हुए। दो से तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस अधिकारी समझाते रहे पीएम कराना जरुरी है। एंबुलेंस के आगे खड़े हो गए परिजन काफी देर बाद पीएम के लिए तैयार हुए। एंबुलेंस मंगवाकर शव को रखवाया। घर से कुछ ही दूरी पर एंबुलेंस गई तो मृतिका के पिता व अन्य परिजन एंबुलेंस के आगे आकर खड़े हो गए। पुलिस ने फिर समझाना की कोशिश की। इतने में अन्य परिजन एंबुलेंस से शव को निकाल कर वापस घर में चले गए। फिर से हंगामें की स्थिति बनी। बाद में पुलिस के स्पशेल ब्रांच के बजरंग माली, हेड कांस्टेंबल योगेंद्र जादौन ने परिजनों को समझाया। तब जाकर दोपहर 1 बजे परिजन माने और पुलिस प्रशासन एंबुलेंस में वापस शव रखवाकर पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज रवाना हुआ। महापौर व पार्षद के सामने जताई नाराजगी घटना स्थल पर महापौर प्रहलाद पटेल, क्षेत्रीय पार्षद आयुषी जलज सांखला भी पहुंची। जर्जर कुएं की हालात को लेकर दोनों के सामने लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों को कहना था कि एक माह पहले कुएं की बाउंड्रीवाल व रिपेयरिंग कर जाली लगाने के लिए भूमि पूजन किया था। लेकिन तीन दिन काम चला। उसके बाद से काम बंद है। लोगों के आक्रोश को देख महापौर लौट गए। महापौर का कहना था कि कुएं के मुंडेर के पास जाली लगाकर बंद कर रखा था। जाली कैसे खुली। तो लोगों को कहना था कि ठेकेदार ने हटाई है। पास में व्यायाम शाला और पीपल का भी पेड़ कुआं रहवासी क्षेत्र में स्थित है। एक तरफ माली समाज के श्री राम मंदिर है तो दूसरी तरफ श्री महावीर व्यायाम शाला होकर हनुमान जी का मंदिर है। साथ ही पीपल के पेड़ के साथ भोलेनाथ जी का शिवलिंग स्थापित है। यहां पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा पाठ व जल चढ़ाने आती है। कुएं की मुंडेर टूटी हुई है। चारों तरफ से कुएं का क्षेत्र जर्जर हालात है। डेढ़ साल पहले हुए शादी मृतिका के ससुर रमेश सांखला ने बताया कि बहु प्रतिदिन कुएं के पास स्थित शिवलिंग पर जल चढ़ाने जाती थी। शुक्रवार सुबह भी वह 8 बजे जल चढ़ाने गई थी। लोगों ने जब बताया तो वहां पर पहुंचे तो वह कुएं में गिरी हुई थी। चप्पल बाहर पड़ी हुई थी। डेढ़ साल पहले ही शादी हुई। मेरी तीन बेटियां थी। जब से शादी करके लाए वह मेरी चौथी बेटी थी। मृतिका का पति एक मोबाइल शॉप पर काम करता है। घर में सास-ससुर व पति-पत्नी ही रहते थे। मृतिका की तीन ननद है जो कि अपने ससुराल में है। मृतिका के मामा रमेश परिहार ने बताया कि घर में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। जल चढ़ाने के दौरान वापस लौटते समय स्लीप होने से वह गिरी है। रात को ही में मिला था। सारे तथ्यों की जांच करेंगे-सीएसपी सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि मृतिका नवविवाहिता थी। कुएं में कैसे गिरी है। सारे तथ्यों को ध्यान में रख मेरे द्वारा स्वयं जांच की जाएगी। परिजन पीएम के लिए तैयार नहीं थी। जिन्हें समझाया उसके बाद वह माने।


