नवांशहर के बलाचौर में मंगलवार को नगर परिषद के नए नेतृत्व का चयन सर्वसम्मति से किया गया। 21 दिसंबर को हुए नगर परिषद चुनाव के बाद आज सुबह साढ़े 11 बजे नगर कौंसिल कार्यालय में आम आदमी पार्टी विधायक संतोष कटारिया और एसडीएम रविंदर कुमार बांसल की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। वार्ड-7 की पार्षद कुसम कौशल द्वारा प्रस्तावित नाम पर सहमति जताते हुए सुनील कौशल (लाडी राणा) को अध्यक्ष चुना गया। साथ ही हरविंदर कौर सियान को उपाध्यक्ष और रणजीत सिंह काका को वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष लाडी राणा ने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बलाचौर के सौंदर्यीकरण और रुके हुए विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। चुनाव प्रक्रिया में सभी 13 पार्षदों सहित रूपा रानी, हरविंदर कौर जौहल, हनी डब, अजय कुमार राणा, परमिंदर कुमार, सिंदो, परमिंदर कुमार पम्मा, निर्मला रानी, राधे शाम, पानी कुमार और नीलम रानी समेत बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।


