नवांशहर में 3 चोरों ने एक कॉलोनी से एक घर के बाहर खड़ी बाइक चुरा ली। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मामला बलाचौर के गढ़शंकर रोड स्थित एक कॉलोनी का है। बाइक मालिक विनोद चेतल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका घर कॉलोनी में ही स्थित है और उन्होंने बाइक को घर के बाहर लॉक किया था। जब वह शाम 5 बजे के करीब काम से घर आए तो वहां उनको बाइक गायब मिली। जब उन्होंने घरवालों और बाहर वालों से बाइक के बारे में पूछा तो कुछ पता नहीं चला। जब सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो सीसीटीवी कैमरे में तीन चोर दिखाई दिए, जो उनकी बाइक चुराकर भागते दिखाई दिए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज और बाइक चोरी होने की सूचना सिटी थाना बलाचौर को दे दी। इसके बाद सिटी थाना बलाचौर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


