नवागांव हत्याकांड पर कांग्रेस कर रही राजनीति

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा है कि बजरंगपुर नवागांव में हुई हत्याकांड जितनी दुखद और निंदनीय है उस पर कांग्रेस के द्वारा की राजनीति भी उतनी ही दुखद एवं निंदनीय है। क्योंकि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे का भी राजनीतिकरण कर रही है। धनेंद्र साहू के नेतृत्व में कांग्रेस का बजरंगपुर नवागांव का दौरा इसी कुत्सित राजनीति का उदाहरण है। कोमल ने कहा कि इस गंभीर घटना के बाद भाजपा के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और ठोस समर्थन की घोषणा की। मृतक किशन राजपूत के परिजन को सरकारी नौकरी अनुकम्पा के तहत दी जाएगी और अशोक ढीमर की पत्नी को प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही विधायक निधि से प्रत्येक परिवार को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। नवागांव में एक पुलिस चौकी खोलने की भी घोषणा की गई। छत्तीसगढ़ के सुरगी में एक दुर्घटना में मृत साहू के परिवार को मुआवजा राशि तक नहीं दी गई थी। लेकिन कांग्रेस मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धड़ल्ले से उत्तरप्रदेश के लखीमपुर में एक पत्रकार और किसान की मृत्यु पर राजनीतिक लाभ के लिए 50-50 लाख का मुआवजा घोषित कर डाला था। छत्तीसगढ़ के किसानों और गरीब परिवारों के साथ भूपेश बघेल सरकार की बेरुखी और असंवेदनशीलता का यह सबसे बड़ा उदाहरण है। आज नवागांव हत्याकांड पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू के नेतृत्व में दल मृतकों के घर पहुंचकर केवल सियासी हथकंडे अपनाने का प्रयास कर रहा है। यह दल मृतकों के परिवार वालों को अनुकम्पा नियुक्ति के साथ-साथ 20-20 लाख रुपये की मांग कर रहा है। जिसकी जिला भाजपा राजनांदगांव स्पष्ट शब्दों में निंदा करती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *