भास्कर न्यूज | जांजगीर ग्राम भवतरा स्थित शासकीय प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक शाला में विज्ञान मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडलों और प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता का प्रभावशील प्रदर्शन किया। विभिन्न स्टालों पर बच्चों ने प्रयोग कर आगंतुकों को सरल ढंग से वैज्ञानिक सिद्धांत समझाए। मेले में छात्रों ने सूक्ष्मदर्शी से स्लाइड का अवलोकन किया और अम्ल-क्षार से जुड़े प्रयोग प्रस्तुत किए। इसके साथ ही सुचालक-कुचालक पदार्थों की पहचान, पदार्थों का वर्गीकरण और पृथक्करण की विधियां, चुम्बकीय-अचुम्बकीय वस्तुओं की पहचान, तापमापी का उपयोग और पदार्थों की प्रकृति व अवस्था का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने अंधविश्वासों के वैज्ञानिक आधार पर जानकारी भी दी। “कबाड़ से जुगाड़” थीम पर बने मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दो छात्राओं ने डॉक्टर की भूमिका निभाते हुए अस्पताल का मॉडल प्रस्तुत किया और स्टेथेस्कोप से हृदय की धड़कन सुनाने का प्रयोगात्मक प्रदर्शन किया, जिसने सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में ग्राम के युवा पंच विकास रात्रे, बीरेंद्र तिवारी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की शिक्षिका सस्मिता, पेंड्री स्कूल के प्रधान पाठक अश्वनी कुमार रात्रे समेत शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन प्रधान पाठक के.एल. निर्मलकर और के.के. साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। विज्ञापन मेला में अपने मॉडल दिखाते छात्र-छात्राएं।


