जांजगीर | शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सोनाईडीह में विज्ञान मेला विकासखंड शिक्षा अधिकारी रत्ना थवाईत, बीआरसी हीरेंद्र बेहार, संकुल प्राचार्य बसंत चतुर्वेदी, संकुल समन्वयक भूषण देवांगन और प्रधान पाठक गनेश राम मन्नेवार के निर्देशन में सफलतापूर्वक हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता प्रस्तुत की। विज्ञान शिक्षक देव कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में कुल 11 स्टॉल लगाए गए। इनमें सूक्ष्म संसार का अवलोकन, अम्ल-क्षार जाँच, विद्युत चालकता परीक्षण, पदार्थों का पृथक्करण, चुम्बक से प्रयोग, मॉडल निर्माण, मापन, प्रतिबिंब निर्माण, वैज्ञानिकों की पहचान, अंधविश्वासों की पड़ताल और विज्ञान किट प्रदर्शनी शामिल थीं। विद्यार्थियों ने प्रयोगों के जरिए आगंतुकों को सरल भाषा में वैज्ञानिक सिद्धांत समझाए। मेले में विद्यार्थियों के साथ पालकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने स्वयं प्रयोग कर विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को जाना। आयोजन से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, अवलोकन क्षमता और प्रयोगात्मक दक्षता का विकास हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक एसएन जायसवाल और पीके यादव का योगदान उल्लेखनीय रहा।


