वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप (22) की बाइक नवा रायपुर में बुधवार सुबह 7 बजे मोड़ पर डिवाइडर से टकरा गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर पर लगी लोहे की जाली और 6 खंभे तोड़ते हुए बाइक सड़क पर फिसल गई। इस दौरान निखिल बाइक से 150 मीटर और उसका साथी 200 मीटर दूर जा गिरा। सिर में चोट आने से निखिल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी श्रीसम गंजीर गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद पुलिस अधिकारी और वन मंत्री केदार कश्यप मौके पर पहुंचे। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस का दावा है कि बाइक की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हाईस्पीड में निखिल का बाइक से नियंत्रण हट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त 3 बाइक पर 6 युवक सवार थे और उनमें रेस लगी हुई थी। वे नवा रायपुर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की ओर जा रहे थे। निखिल बस्तर के पूर्व सांसद दिनेश कश्यप का सबसे छोटा बेटा था। बुधवार सुबह बाइक उसका दोस्त चला रहा था। नवा रायपुर पहुंचने पर निखिल ने बाइक खुद चलानी शुरू कर दी। भास्कर इनसाइट ओवर टर्न ने ली जान, स्पीडिंग का ठिकाना बना नवा रायपुर, ढाई साल में 70 से अधिक हादसे, 21 की मौत एआईजी ट्रैफिक संजय शर्मा के साथ भास्कर रिपोर्टर प्रमोद साहू की रिपोर्ट
रायपुर| नवा रायपुर की चौड़ी सड़कों पर पुलिस की सख्ती व कार्रवाई के बाद भी हादसे थम नहीं रहे। यहां की सड़कें ज्यादातर समय सूनी रहती हैं। यही कारण है कि लोग तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। अधिकांश एक्सीडेंट की प्रमुख वजह ओवर टर्न यानी तेज गति पर बाइक या कार को मोड़ना है। ऐसे में गाड़ी लेफ्ट की जगह राइट लेन में चली जाती है और हादसा होता है। बुधवार सुबह भी हादसा सत्य सांई अस्पताल के पास ओवर टर्न की वजह से ही हुआ। नवा रायपुर की 10 सड़कों पर ओवरस्पीडिंग रोकने 40 हाईस्पीड फोकस कैमरा लगाए गए हैं। नवा रायपुर में माना, मंदिर हसौद, अभनपुर और राखी थाने का इलाका आता है। रायपुर पुलिस ने इन थानों में हुए हादसों के साथ नवा रायपुर के कोर एरिया में हुए हादसों की समीक्षा की है। नवा रायपुर में पिछले ढाई साल में 70 सड़क हादसे हुए हैं। इसमें 21 लोगों की जान गई है, जबकि 68 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसमें से कई लोग आज भी चलने की स्थिति में नहीं हैं। इन हादसों की एक मात्र वजह हाईस्पीड है। क्योंकि वहां ट्रैफिक का दबाव कम है। रात में सड़कें सूनी रहती हैं। सड़क बहुत अच्छी और चौड़ी है। रात 12 के बाद ज्यादा हादसे: पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक नवा रायपुर में रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही सबसे ज्यादा हादसे हो रहे हैं। 180 दिन में 8312 वाहनों का चालान, 36 लाख जुर्माना कार अगर 100 किमी प्रति घंटा और बाइक-मोपेड 60 किमी प्रति घंटा से ऊपर चलती है तो ई-चालान किया जाता है। पुलिस का दावा है कि पिछले 180 दिनों में हाईस्पीड चलने वाले 8312 गाड़ियों का ई-चालान किया गया है। 36 लाख रुपए जुर्माना वसूला है।


